
हाथरस 11 सितम्बर। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जिले में पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। यह फेरबदल अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पुलिस कार्यालय के कामकाज को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। एसपी के आदेश के अनुसार योगेंद्रकृष्ण नारायण को सादाबाद का नया क्षेत्राधिकारी बनाया गया है। वह सादाबाद, सहपऊ, चंदपा और मुरसान थाना क्षेत्रों की पुलिस व्यवस्था और कामकाज की निगरानी करेंगे। वहीं, सादाबाद के क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना को पुलिस उपाधीक्षक क्षेत्राधिकारी कार्यालय, साइबर क्राइम, थाना एएचटी, चुनाव और अपराध शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जेएन अस्थाना डायल-112, पत्र व्यवहार शाखा, भवन, डीसीआरबी, विशेष जांच प्रकोष्ठ, फील्ड यूनिट और डीसीआर के साथ पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं तथा लोक शिकायत से संबंधित सरकारी कार्यों की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। संबंधित अधिकारियों को अपने नए कार्यक्षेत्र के अनुसार तत्काल जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।







