Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 सितम्बर। श्यामकुंज स्थित एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज एवं तरफरा रोड स्थित आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर कृष्ण की बाल लीलाओं, भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भक्तिमय नजर आया। कार्यक्रम के अवसर पर प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता (एडवोकेट) ने भगवान श्री कृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण भगवान विष्णु के अवतार थे, जिनका जन्म द्वापर युग में हुआ था। श्री कृष्ण युगों से हमारी आस्था के केंद्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी श्री कृष्ण ने यशोदा मैया के लाल बनकर बाल लीलाएं कीं तो कभी राधा के प्रियतम बनकर विशुद्ध प्रेम का संदेश दिया। योगीराज कृष्ण का संपूर्ण जीवन असत्य पर सत्य, अनाचार पर सदाचार और अधर्म पर धर्म की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उनके जीवन से वर्तमान समय में भी सत्य, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने जन्माष्टमी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भगवान श्री कृष्ण का जन्म भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। इस दिन श्रद्धालु भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना करते हैं और व्रत रखते हैं। उन्होंने श्री कृष्ण की लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान कृष्ण की मधुर बांसुरी की धुन सभी को अपनी ओर आकर्षित करती थी। उनकी बाल लीलाएं और गोप-गोपिकाओं के साथ बिताए प्रसंग आज भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र हैं। कार्यक्रम में दीपिका, अर्पिता, कोशिका, मुग्धा, वेदिका, निष्ठा, हिमांशी, हनी, भूमिका, युक्ति, तनिष्का, दीक्षा, वंशिका, तृप्ति, आरोही, वाणी, प्रिया, शानवी, समृद्धि, याशिका, हर्षिता, वैश्नवी, समायरा, जानवी, लविश्का, रोशनी और निधि आदि छात्राओं ने कृष्ण एवं राधिका के मनमोहक स्वरूप धारण कर विभिन्न लीलाओं की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण उस समय आया जब ‘गोविंदा आला रे’ के जयकारों के बीच लगभग 30 फीट ऊंची दही-हांडी को भगवान श्री कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चे द्वारा तोड़ा गया। दही-हांडी टूटते ही पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा और उपस्थित जनसमूह कृष्णमय हो गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर शैलकान्ता गुप्ता, प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय, उप-प्रधानाचार्या प्रीति यादव, शाजिया रफीक खान, डॉ. रेखा जादौन, शारदा रावत, निधि अरोरा, हिमांशु वार्ष्णेय, संजय मिश्रा, मौ. दानिश, अमन खान, जीत द्विवेदी, अनुराग कश्यप, जीतेन्द्र कुमार, निधि शर्मा, प्राची शर्मा, तमन्ना जैन, पुनीत गुप्ता, जीतू अरोरा, रोली तिवारी, ज्योति सोनी, संजना, ऊष्मा कश्यप, सीमा अग्रवाल, श्याम सिंह, रिद्धी शर्मा सहित समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। अंत में संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page