Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 20 जुलाई। कस्बा हसायन के बांण अब्दुलहईपुर मार्ग स्थित मोहल्ला शीशगरान में आज बारिश के दौरान सड़क पर रखे ट्रॉली ट्रांसफार्मर में करंट उतर आने से दो बेजुबान पशुओं की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और विद्युत विभाग के प्रति लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कस्बे में हो रही बारिश के दौरान मोहल्ला अहीरान किशन निवासी कन्हैयालाल अपने पशुओं को चराने के लिए बदनपुर रोड की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान शीशगरान मुख्य मार्ग पर अस्थायी विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रॉली पर रखे लगभग 250 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर में करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से दो पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। समय रहते सप्लाई बंद होने से पीछे आ रहे अन्य पशु और राहगीर हादसे का शिकार होने से बच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब एक वर्ष से खराब पड़े स्थायी ट्रांसफार्मर के स्थान पर ट्रॉली पर रखकर अस्थायी ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति की जा रही है। उनका कहना है कि इस ट्रॉली ट्रांसफार्मर में पहले भी कई बार करंट उतर चुका है, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने स्थायी समाधान नहीं किया, जिसके चलते सोमवार को यह हादसा हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने खराब ट्रांसफार्मर को बदलने तथा स्थायी विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस संबंध में विद्युत उपखंड अधिकारी शुभम सिंह ने बताया कि पशुओं की मौत की सूचना मिली है। विभाग द्वारा फॉर्म-44 भरवाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा मामले की जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page