
सासनी 18 अगस्त। भारत सरकार के नशामुक्त भारत अभियान की प्रेरणा से एसबीएस यूनियन स्कूल, सासनी में प्रार्थना सभा के दौरान नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन बीके शांता जी और प्रमुख शिक्षाविद एवं विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और इससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। बीके शांता जी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा दुर्घटनाओं के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक अशांति का भी प्रमुख कारण है। नशे की समस्या का समाधान नशामुक्त समाज के निर्माण और लोगों को जागरूक करने से ही संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया कि वे हर प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार और समाज के लोगों को भी नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ और खुशहाल समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रत्येक व्यक्ति को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। इससे व्यक्ति के साथ-साथ परिवार, समाज और देश का भी कल्याण होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहते हुए सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नशा केवल बीड़ी, गुटखा और शराब तक सीमित नहीं है, बल्कि स्क्रीन पर अत्यधिक समय बिताना भी आधुनिक दौर में एक तरह की लत बनता जा रहा है। इससे भी विद्यार्थियों और अभिभावकों को सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विभिन्न जनजागरूकता अभियानों में सहभागिता करते हुए समाज में सकारात्मक जागरूकता पैदा करने का प्रयास करता रहेगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ बीके करुणा, बीके लक्ष्मी, बीके गजेंद्र सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।











