अलीगढ़ 27 जुलाई। मंगलायतन विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-1 के तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने नशे का विरोध करने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। इकाई-1 की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा उपाध्याय ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का आयोजन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पूनम रानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक डॉ. दिवाकर राघव ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और पूरे समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। एपीआरओ योगेश कौशिक ने कहा कि नशा मुक्ति केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। यदि युवा जागरूक होकर सक्रिय भागीदारी निभाएं, तो नशे के खिलाफ एक मजबूत जनजागरूकता अभियान खड़ा किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने भी नशा मुक्ति के प्रति अपने विचार साझा किए और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा साक्षी ने किया। आयोजन में डॉ. शगुफ्ता परवीन, डॉ. हृदेश, मयंक जैन एवं अजय राठौर का सहयोग रहा। इस अवसर पर शिवम पांडेय, रुसाली, दीप्ति, अर्जुन, फरहा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।








