Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने और प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शासनादेश के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित कराने तथा कार्यक्रमों के फोटोग्राफ्स निर्धारित वेबसाइटों पर अपलोड करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा संचालित ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का आयोजन 15 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना, स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों के प्रति सम्मान व्यक्त करना, देश के गौरवशाली इतिहास से जन-जन को परिचित कराना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति कर्तव्यबोध एवं सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने नोडल अधिकारियों को प्रस्तावित तिथिवार कार्यक्रमों का आयोजन कराने तथा उनकी फोटोग्राफी कराकर www.harghartiranga.com और culturalevents.in पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। डीएम ने सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक एवं निजी प्रतिष्ठानों, वाणिज्यिक और औद्योगिक इकाइयों सहित विभिन्न स्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय भारतीय ध्वज संहिता का पालन किया जाए। तिरंगे की केसरिया पट्टी सदैव ऊपर रहे। सरकारी कार्यालयों में सूर्योदय के बाद ध्वजारोहण तथा सूर्यास्त के समय सम्मानपूर्वक ध्वज अवतरण किया जाए। निजी आवासों और स्थानीय बाजारों में 13 से 15 अगस्त तक फहराए गए ध्वज को निर्धारित अवधि के बाद सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। कोई भी फटा, कटा, गंदा या आधा झुका हुआ तिरंगा न लगाया जाए और ध्वज को उतारने के बाद फेंकने के बजाय सम्मानपूर्वक मोड़कर सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को रैली, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। एआरटीओ और एआरएम रोडवेज को समन्वय स्थापित कर सरकारी वाहनों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के वाहनों पर तिरंगा अभियान से संबंधित स्टीकर लगाने तथा जागरूकता कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्राम पंचायतों के सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विभागाध्यक्षों को अपने कार्यालयों एवं भवनों में तिरंगा लाइटिंग से सजावट कराने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को प्रमुख चौराहों, सरकारी भवनों और विद्युत पोलों पर तिरंगा लाइट लगाने के साथ रैली, प्रभात फेरी और जागरूकता कार्यक्रम कराने को कहा गया। डीएम ने मुख्य चौराहों पर साफ-सफाई और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर ध्वजारोहण कराने के साथ सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े वाहनों, निजी अस्पतालों और औषधालयों में भी तिरंगा फहराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में शासन की मंशा के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।

तीन चरणों में होगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा और इसके लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। पहला चरण 6 से 8 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं, शहीद स्थलों की साफ-सफाई एवं रंगाई-पुताई, विद्यालयों की दीवारों और बोर्डों पर तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र, ‘वंदे मातरम्’ के अंश तथा रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक चलेगा। इसमें तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर फोटो एवं ‘वंदे मातरम्’ गायन के वीडियो वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। सेल्फी अपलोड करने के लिए सेल्फी बूथ भी लगाए जाएंगे। 10 अगस्त को बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल से शहीद स्थल तक वंदे मातरम् का सामूहिक गायन और तिरंगा बाइक रैली निकाली जाएगी। 11 अगस्त को शैक्षणिक एवं क्रीड़ा संस्थानों में विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों, सशस्त्र बलों के सदस्यों, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी से तिरंगा रैलियां एवं यात्राएं आयोजित होंगी। 12 अगस्त को सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट, तिरंगा महोत्सव एवं तिरंगा मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें तिरंगा सेल्फी बूथ, तिरंगा प्रदर्शनी, संगीत कार्यक्रम, स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद एवं श्रृंगार सामग्री के स्टॉल, स्थानीय एवं ओडीओपी उत्पादों के स्टॉल, तिरंगा थीम वाले परिधान, पगड़ी एवं बैज, स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, खाद्य सामग्री के स्टॉल, स्टैंडीज, होर्डिंग्स और रंगोली प्रतियोगिता आदि आयोजित किए जाएंगे।

तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान स्थानीय बाजारों, सरकारी भवनों और कार्यालयों में तिरंगा प्रकाश एवं सजावट, सेल्फी पॉइंट की स्थापना, विकासखंड कार्यालयों एवं ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में तिरंगा लाइटिंग की जाएगी। पंचायत भवनों और अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण, वृक्षारोपण तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। सभी सरकारी भवनों पर तिरंगा लाइटिंग, सेल्फी पॉइंट और ध्वजारोहण की व्यवस्था की जाएगी। 14 अगस्त को कलेक्ट्रेट परिसर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा 15 अगस्त को सरकारी, अर्धसरकारी कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित अन्य संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा जागरूकता कार्यक्रमों के फोटोग्राफ्स नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page