Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 जुलाई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नगरीय निकायों में 15वें वित्त आयोग, अवस्थापना निधि एवं स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्षा ऋतु को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर निकायों में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां अतिरिक्त पंपसेट लगाकर त्वरित जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने नगर निकायों में नियमित साफ-सफाई, नालों की समय पर सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page