
हाथरस 29 जुलाई। हसायन थाना क्षेत्र के गांव महाराजपुर गोपालपुर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में गांव महाराजपुर गोपालपुर निवासी अर्जुन ने बताया कि वह अपने साथी टिकू के साथ पुरदिलनगर से बाइक द्वारा गांव लौट रहा था। रास्ते में जयवीर ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि जाते समय जयवीर ने गांव पहुंचकर देख लेने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार, घर पहुंचने के कुछ देर बाद जयवीर अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंच गया। आरोप है कि जयवीर ने कुल्हाड़ी से उसके बाएं हाथ पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद रामलखन ने लोहे की सांकी, कन्हैया पुत्र जयवीर ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया, जबकि सतेंद्र ने डंडों से हमला कर दिया। हमले में अर्जुन का सिर फट गया, हाथ में गंभीर चोट आई और गाल भी कट गया। अर्जुन ने बताया कि उसकी चीख-पुकार सुनकर सतेंद्र और जितेंद्र मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। भीड़ एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद वह अपने पिता के इलाज के सिलसिले में आगरा चला गया था, जिसके कारण पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








