Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 सितम्बर । कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दिव्यांग व्यक्ति ने पड़ोसी पर छत पर सोते समय उसकी पत्नी की ओर अश्लील इशारे करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद न्यायालय की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार, 30 जून  की रात वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर की छत पर सो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी अजय उर्फ कुल्लू उसकी छत की ओर झांककर उसकी पत्नी की तरफ अश्लील इशारे करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी कथित रूप से उसकी छत पर आ गया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि अजय ने इसके बाद वेदपाल और उसकी पत्नी गौरी को भी मौके पर बुला लिया। पीड़ित का आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसे जीने से नीचे गिरा दिया और खरंजे पर ले जाकर ईंट-डंडों से पीटा। इस दौरान उसकी पत्नी का मंगलसूत्र भी टूटकर आरोपियों के पास चले जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष द्वारा पूर्व में भी उसे करंट लगाकर जान से मारने का प्रयास किया जा चुका है। घटना के बाद उसने थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। कोर्ट के आदेश के बाद हाथरस जंक्शन पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब मामले में लगाए गए आरोपों, घटना से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट, अश्लील इशारे, मंगलसूत्र ले जाने और पूर्व में करंट लगाकर जान से मारने के प्रयास से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page