
हाथरस/सिकंदराराऊ 07 जून ।कासगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित नदरई हजारा नहर में नहाने के दौरान डूबे हाथरस के तीन सगे भाइयों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पीएसी फ्लड यूनिट एवं पुलिस की टीम ने लगभग 20 घंटे तक चले सघन सर्च अभियान के बाद तीनों शवों को नहर से बाहर निकाला। शव बरामद होने के साथ ही रेस्क्यू अभियान समाप्त कर दिया गया। इस दर्दनाक घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव टिकरी नगला निवासी 25 वर्षीय जयप्रकाश, 24 वर्षीय अजय और 22 वर्षीय छोटू शनिवार को अपने मित्र सुमित के साथ नदरई हजारा नहर में नहाने के लिए पहुंचे थे। नहाने के दौरान तीनों भाई अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बताया जाता है कि उनके साथ मौजूद सुमित किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन तीनों भाई नहर की तेज धारा में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और पीएसी फ्लड यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई और खोजबीन शुरू की गई। करीब 20 घंटे तक चले लगातार सर्च अभियान के बाद रविवार को तीनों युवकों के शव नहर से बरामद कर लिए गए। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार घटनास्थल एवं गांव में एकत्र हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से भी परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों की असामयिक मौत से सिकंदराराऊ के गांव टिकरी नगला में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद हृदयविदारक बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।
Next News :-हाथरस में नए जीएसटी कार्यालय स्थापना की दिशा में बड़ी सफलता, व्यापारिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त की
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






