Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत आज विकासखंड हाथरस की ग्राम पंचायत जलालपुर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख पूनम अमर सिंह पांडे ने अपनी माताजी की स्मृति में पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पेड़ मानव जीवन का आधार हैं और अपनी माँ के नाम पर लगाया गया एक पौधा न केवल पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का भी आधार बनता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी अनुज कुमार मिश्रा एवं जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश बाबू ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर ग्रामीणों को पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी कृष्णकांत गौतम ने किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव दीपक जादौन, कल्पेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने ग्राम पंचायत परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page