Hamara Hathras

Latest News

गाज़ियाबाद 15 जुलाई। प्रताप विहार क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई जलभराव की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भाजपा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा ने आज गाज़ियाबाद के जिलाधिकारी रविन्द्र मांदड़ एवं गाज़ियाबाद सदर विधायक संजीव शर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की। यतेन्द्र शर्मा ने बताया कि प्रताप विहार में बरसात के दौरान जलभराव का मुख्य कारण सड़क के स्तर (रोड लेवल) और सीवरेज व्यवस्था की खामियां हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष क्षेत्रवासियों को जलभराव के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इस समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक संजीव शर्मा ने जलकल विभाग एवं VATECH के महाप्रबंधक (जीएम) को आवश्यक निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही जीएम अधिकारियों की टीम के साथ प्रताप विहार पहुंचे और सड़क के स्तर तथा सीवरेज व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि विस्तृत सर्वे कर एक स्पष्ट कार्ययोजना (रोडमैप) तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। इस दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र मांदड़ ने भी भविष्य में जलभराव की समस्या को कम करने के उद्देश्य से प्रताप विहार में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उल्लेखनीय है कि जनपद में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग परियोजना के तहत 35 पार्कों में यह व्यवस्था विकसित करने की योजना पर टेंडर प्रक्रिया चल रही है। भाजपा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा की पहल के बाद अब प्रताप विहार के पार्कों को भी इसपरियोजना में शामिल किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को भविष्य में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page