
हाथरस 17 अगस्त। हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेल प्रशासन ने लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए हाथरस होकर संचालित होने वाली दो प्रमुख स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का फैसला लिया है। ट्रेनों के नियमित होने के साथ ही यात्रियों को स्पेशल किराये से भी राहत मिलेगी और कोचों की संख्या बढ़ने से यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस की मौजूदा ट्रेन संख्या 05061-62 अब नियमित होकर 15093-94 के रूप में संचालित होगी। इसका नियमित संचालन 31 अगस्त से शुरू किया जाएगा। वहीं लालकुआं-बेंगलुरु सिटी साप्ताहिक एक्सप्रेस की ट्रेन संख्या 05073-74 को भी नियमित किया गया है। अब यह ट्रेन 15301-02 नंबर से चलेगी। लालकुआं से इसका नियमित संचालन 19 सितंबर और बेंगलुरु सिटी से 22 सितंबर से शुरू होगा।
कम होगा यात्रियों पर किराये का बोझ
स्पेशल ट्रेन से नियमित ट्रेन बनने के बाद यात्रियों को किराये में बड़ी राहत मिलेगी। टनकपुर एक्सप्रेस की एसी चेयरकार में अभी न्यूनतम किराया करीब 520 रुपये है, जो नियमित होने के बाद घटकर करीब 270 रुपये रह जाएगा। इसी तरह बेंगलुरु एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास का न्यूनतम किराया अभी 400 रुपये है। नियमित होने के बाद यह करीब 150 रुपये हो जाएगा। वहीं एसी थ्री-टियर इकोनॉमी का किराया 1010 रुपये से घटकर करीब 520 रुपये रह जाएगा।
बढ़ेंगे कोच, मिलेंगी अतिरिक्त सुविधाएं
नियमित होने के बाद टनकपुर एक्सप्रेस में आठ सामान्य कोच, छह नॉन-एसी चेयरकार के आरक्षित कोच और एक एसी चेयरकार लगाया जाएगा। पहले इस ट्रेन में नॉन-एसी चेयरकार में आरक्षण की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। वहीं बेंगलुरु सिटी एक्सप्रेस में चार अनारक्षित, छह स्लीपर, दो एसी इकोनॉमी, तीन थ्री-टियर एसी और एक टू-टियर एसी कोच शामिल होंगे। इससे यात्रियों को अलग-अलग श्रेणियों में यात्रा के विकल्प मिलेंगे। टनकपुर एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में पांच दिन और बेंगलुरु सिटी एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में एक दिन किया जाता है। दोनों ट्रेनों के नियमित होने से हाथरस और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों के साथ-साथ व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को भी काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि किराये में कमी के साथ अतिरिक्त कोच जुड़ने से यात्रियों को कम खर्च में बेहतर यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101




