
हाथरस 28 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की ओर से घोषित प्रदेश कार्यसमिति में हाथरस जनपद के चार नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें हाथरस सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर और सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा के अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता रामवीर सिंह भैयाजी तथा पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा शामिल हैं। पार्टी में इन नेताओं को नई जिम्मेदारी मिलने पर उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। घोषित कार्यसमिति में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है, जबकि सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, रामवीर सिंह भैयाजी और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। हाथरस सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर पार्टी में विभिन्न पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। वह आगरा की महापौर भी रह चुकी हैं। वर्तमान में वह हाथरस सदर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। अब उन्हें भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा को प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। वह भाजपा के टिकट पर लगातार दूसरी बार सिकंदराराऊ विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए हैं। इससे पहले वह पार्टी के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता रामवीर सिंह भैयाजी को भी प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य बनाया गया है। वह पिछली कार्यसमिति में भी इस जिम्मेदारी पर थे। उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी से की थी और वर्ष 2007 में भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी उनकी राजनीतिक गतिविधियां जारी हैं। वहीं, भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा को प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। वह पिछली प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वर्तमान में वह बरेली के प्रभारी भी हैं और पार्टी में इससे पहले कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। प्रदेश कार्यसमिति में हाथरस के चार नेताओं को स्थान मिलने से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है। इसे जिले के नेताओं को संगठन में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।









