
हाथरस 08 सितम्बर। पूरे दिन झमाझम बारिश और शहर में जगह-जगह जलभराव के बावजूद जायंट्स ग्रुप हाथरस गूंज की सखियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच महिलाएं श्रीराम दरबार मंदिर परिसर पहुंचीं और श्रद्धा एवं उल्लास के साथ नंदोत्सव मनाया। कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनोहारी झांकी सजाई गई। सखियों ने कान्हा के जन्म की खुशियां मनाते हुए भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर कृष्णमय हो उठा। लगातार हो रही बारिश को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं कान्हा के जन्म की वर्षा एक बार फिर उनके स्वागत के लिए बरस रही हो। भक्ति और उत्साह से सराबोर सखियां भजनों पर जमकर झूमीं और नृत्य किया। कृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सभी ने अपनी ओर से विभिन्न वस्तुओं का वितरण भी किया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष सीमा शर्मा का विशेष सहयोग रहा। सचिव नमिता गोयल और आईपीपी माधुरी वार्ष्णेय ने भी व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर वाइस प्रेसिडेंट गुंजन दीक्षित, कोषाध्यक्ष कुसुम वार्ष्णेय, ईशा वर्मा, पिंकी शर्मा, कल्पना गुप्ता, सीमा शर्मा, नेहा अग्रवाल, शोभा बंसल, सीता वार्ष्णेय, देवकी कजली राजोरिया, रेखा सारस्वत सहित अन्य सखियां मौजूद रहीं और नंदोत्सव के आनंद में शामिल हुईं।













