हाथरस 23 मई । दून पब्लिक स्कूल में आज विद्यालय प्रधानाचार्य एवं हाथरस जिला शिक्षक प्रशिक्षण समन्वयक सीबीएसई जे० के० अग्रवाल के प्रेरणादायी नेतृत्व में “सीटी एवं एआई विषय पर विषय विशेषज्ञों द्वारा वार्ता” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस ज्ञानवर्धक कार्यशाला में दून पब्लिक स्कूल, बी०एल०एस० इंटरनेशनल स्कूल, सीमैक्स इंटरनेशनल स्कूल, साइमा मंसूर पब्लिक स्कूल तथा श्री बलवंत सिंह पब्लिक स्कूल, सलेमपुर सहित विभिन्न विद्यालयों के लगभग 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम का वातावरण शैक्षिक ऊर्जा, नवाचार और तकनीकी जागरूकता से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर हाथरस जनपद सहोदय ग्रुप के सेक्रेटरी विकास सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनका विद्यालय प्रशासन द्वारा राधे पट्टिका पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम विशेष रूप से कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों के लिए आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य आधुनिक शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (CT) एवं नवीन शिक्षण तकनीकों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में एआई विशेषज्ञ शुभम गर्ग, अंग्रेजी विशेषज्ञ नैतिक राठौर, विज्ञान विशेषज्ञ शिवानी कुशवाहा, गणित विशेषज्ञ मेदनी कौशिक एवं सामाजिक विज्ञान विशेषज्ञ सागर जोशी ने विभिन्न गतिविधियों, संवादात्मक प्रस्तुतियों एवं पीपीटी के माध्यम से विषय को अत्यंत रोचक एवं व्यवहारिक ढंग से प्रस्तुत किया। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, रचनात्मकता एवं समस्या समाधान कौशल विकसित करने के प्रभावी उपाय बताए। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने शैक्षिक अनुभव साझा किए। विद्यालय प्रधानाचार्य जे० के० अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज का युग तकनीक एवं नवाचार का युग है, इसलिए शिक्षा को समय के साथ अद्यतन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एआई एवं सीटी जैसे विषय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और शिक्षक यदि स्वयं को नई तकनीकों से जोड़ते रहेंगे तभी वे विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदान कर सकेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं विषय विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया गया तथा ग्रुप फोटो के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

























