
हाथरस 20 जुलाई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) ने आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए हाथरस के जिलाध्यक्ष धीरज सिंह को संगठन का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। यह निर्णय रविवार को नगर निगम इंटर कॉलेज में आयोजित प्रदेशीय पदाधिकारियों की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने आगामी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की और सर्वसम्मति से धीरज सिंह के नाम पर मुहर लगाई। संगठन का कहना है कि धीरज सिंह लंबे समय से शिक्षकों के हितों की आवाज उठाते रहे हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। प्रदेश महामंत्री लालमणि द्विवेदी ने कहा कि धीरज सिंह संगठन के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में शिक्षक वर्ग की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। संगठन ने आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सभी शिक्षक मतदाताओं से अपील की है कि वे आगामी चुनाव में धीरज सिंह के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि शिक्षकों के हितों का प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।








