हाथरस 04 सितम्बर। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में हाथरस सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के सौजन्य से बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल में 3 सितंबर को भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या विद्या प्रतीक बार्टक्के ने सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर एवं सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल, सादाबाद के प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश शर्मा सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। समारोह के दौरान शिक्षकों के राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा विद्यार्थियों के शैक्षिक, नैतिक, चारित्रिक एवं सर्वांगीण विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सहोदया सदस्य विद्यालयों के लगभग 30 उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित शिक्षकों को शॉल, प्रतीक चिह्न एवं प्रमाण-पत्र भेंट कर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में हाथरस सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष अरुण शर्मा, सचिव विकास सिंह, कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक ज्ञानेंद्र दत्त शर्मा एवं दीपक सेंगर सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।समारोह के दौरान सहोदया सदस्य विद्यालयों को सदस्यता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। विद्यालयों के प्रतिनिधियों एवं प्रधानाचार्यों को शॉल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सेंट फ्रांसिस स्कूल, आरएलवीएम स्कूल, ब्राइट करियर पब्लिक स्कूल सहित हाथरस के अनेक विद्यालयों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शिक्षक सम्मान समारोह को बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से यादगार बना दिया। विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों के सम्मान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आधारित संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां, भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को दर्शाते हुए विविध लोकनृत्य तथा मनमोहक गीत प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अतिथियों और शिक्षकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। समारोह ने जहां शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत किया, वहीं जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बीच सहयोग, सहभागिता और शैक्षिक उत्कृष्टता की भावना को भी और मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन आभार व्यक्त करने एवं सामूहिक सहभागिता के साथ हुआ।












