
हाथरस 21 मई । सादाबाद क्षेत्र की एक विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट और बच्चे को छीनने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता गुड़िया ने 13 मई 2026 को महिला थाना हाथरस में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, गुड़िया पुत्री शंकर लाल निवासी सीस्ता, सादाबाद की शादी आठ दिसंबर 2023 को अंकित पुत्र रामचंद्र निवासी पंचवटी कालोनी, पलवल हरियाणा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दहेज को लेकर झगड़ा करने लगे। सास, देवर, पति व ससुर उससे अपशब्द कहते और अपमानित करते थे। पीड़िता का कहना है कि परेशान होकर उसने पहले भी महिला थाने में शिकायत की थी। तब ससुराल वाले समझौता कर उसे ले गए, लेकिन घर ले जाकर फिर मारपीट की। आरोप है कि अब वे तलाक की मांग कर रहे हैं और उसके एक बच्चे को उससे छीनकर अपने पास रखने की बात कह रहे हैं। गुड़िया के अनुसार, 10 दिसंबर 2026 को सास और देवर अमित ने उसके साथ मारपीट की। तब उसने भाई को बुलाकर मायके आ गई। पीड़िता का आरोप है कि पिछले छह महीने से ससुराल वाले उसे लेने नहीं आए और बोलने पर बार-बार तलाक की बात करते हैं। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।























