
हाथरस 21 मई । सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव बरई शाहपुर में वन विभाग की बिना अनुमति चार हरे पेड़ों को अवैध रूप से काटने का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने मौके से कटान में प्रयुक्त बाइक बरामद कर थाने में दाखिल की है। बीट प्रभारी ने थाना सिकंदराराऊ में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 20 मई को सुबह 10 बजे सूचना पर वन दरोगा सर्वेश कुमार के साथ टीम गांव बरई शाहपुर पहुंची। मौके पर दो आम व दो नीम के पेड़ कटे मिले। पेड़ों का प्रकाष्ठ गायब था। आसपास कार्य कर रहे ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि उक्त पेड़ संजू निवासी बरईशाहपुर ने ठेकेदार ओमपाल निवासी मुगलगढ़ी व रतन सिंह निवासी उमरावपुर के माध्यम से अवैध रूप से कटवाए हैं। कटान के लिए वन विभाग से कोई पातन अनुज्ञा नहीं ली गई थी। वन रक्षक विनय कुमार व विजय कुमार, बीट प्रभारी रतिभानपुर ने तहरीर देकर बताया कि आरोपितों द्वारा किया गया कृत्य उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।























