
हाथरस 09 अगस्त। सावन में कांवड़ लेने के लिए निकले हाथरस के युवक की मेरठ के दौराला क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके साथ बाइक पर जा रहा साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र की शिव कॉलोनी स्थित भट्टा वाली गली निवासी यश चौधरी पुत्र मुकेश चौधरी अपने साथी के साथ बुलेट बाइक से कांवड़ लेने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि उनके साथ चंदपा थाना क्षेत्र के मीतई गांव का एक युवक भी यात्रा पर था। इसी दौरान मेरठ जिले के दौराला क्षेत्र के आसपास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि यश चौधरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी जैसे ही यश के परिजनों को हुई तो परिवार में मातम पसर गया। यश के पिता मुकेश चौधरी सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में सहारनपुर में पुलिस विभाग में तैनात बताए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक मेरठ में हादसे में जान गंवाने वाले कांवड़िया यश चौधरी का पार्थिव शरीर हाथरस स्थित भट्टा वाली गली पहुंच चुका था। इसके बाद परिजन पार्थिव शरीर को पैतृक गांव मीतई ले जाने की तैयारी में जुटे हुए थे। युवक की मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101







