Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 20 मई। क्षेत्र के गांव रामपुर बट्टारी में बुधवार सुबह एक युवक द्वारा तमंचे से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी लालू पुत्र नवाब सिंह (35 वर्ष) खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। बुधवार सुबह उन्होंने अपने घर के एक कमरे में जाकर तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुलवाने पर लालू का शव पलंग पर पड़ा मिला तथा पास में तमंचा रखा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद अवैध तमंचे को भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी के अनुसार सुबह बच्चों के स्कूल जाने के बाद घरेलू कार्यों के दौरान उसने अपने पति को जगाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद लालू गुस्से में कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसने अपने साले को फोन कर कहा, “तेरी-मेरी आखिरी मुलाकात है, अब मैं जा रहा हूं।” इसके तुरंत बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों ने बताया कि लालू की शादी लगभग सात वर्ष पूर्व गांव ईटॉर्नी निवासी युवती से हुई थी। उनके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे और वृद्ध पिता हैं। परिजनों के अनुसार परिवार में कभी-कभी सामान्य घरेलू विवाद होते रहते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि स्थिति इतनी गंभीर हो जाएगी। कोतवाल शिवकुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page