
सिकंदराराऊ 13 नवंबर। कोतवाली क्षेत्र के गांव जहांगीरपुर कोंडरा में एक ही घर में दो दिन के अंतराल में हुई दो मौतों से गांव में सनसनी फैल गई है। गुरुवार सुबह तीन दिन से लापता चार वर्षीय मासूम ममता का शव बरामद हुआ था। वहीं, शुक्रवार तड़के करीब चार बजे उसकी छोटी ताई 35 वर्षीय गुड्डी देवी उर्फ गुड़िया देवी पत्नी योगेश का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, मासूम ममता करीब तीन दिन से लापता थी। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे उसका शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की थी। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे। बच्ची की मौत के बाद से ही परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ था। बताया जा रहा है कि ममता की छोटी ताई गुड्डी देवी भी बच्ची का शव मिलने के बाद से काफी गुमसुम रहने लगी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, वह ज्यादातर समय चुपचाप घर में बैठी रहती थी। ममता और गुड्डी देवी के परिवार एक ही मकान में रहते थे।
शुक्रवार तड़के करीब चार बजे गुड्डी देवी की एक बच्ची रोने लगी। कमरे के बाहर सो रहे उसके पति योगेश ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब वह कमरे में पहुंचा तो गुड्डी देवी छत में लगे कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस मोर्चरी भेज दिया। पुलिस पति योगेश को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। वहीं, मासूम ममता की मौत के मामले में उसके छोटे ताऊ योगेश ने अपने बड़े भाई और उनके परिवार सहित कई लोगों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। इस मामले में फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाकर जांच कर रही है। एक ही घर में लगातार दो दिनों में हुई दो मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मासूम ममता की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके बाद गुड्डी देवी ने आत्महत्या क्यों की, फिलहाल दोनों ही मामलों में कई पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटनाओं की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।









