Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सासनी 13 नवंबर। कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव रघनियां में महिला से छेड़छाड़ की घटना को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। शुक्रवार को दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। जानकारी के अनुसार, नासिर खान पुत्र छोटे खान ने 10 नवंबर को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी रिंकी घरेलू सामान खरीदने के लिए दुकान पर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद पृथी पुत्र सुलतान खान, जाहिद, शाहबाज, आला और गुल्ला ने उसके साथ छेड़छाड़ की और छीना-झपटी करते हुए कपड़े फाड़ दिए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर चोटों के निशान आए।

तहरीर के मुताबिक, पत्नी की चीख-पुकार सुनकर नासिर अपने भाई शरीफ और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडे, सरिया, तलवार और तमंचे से लैस होकर उन पर भी हमला कर दिया। इस मामले में पीड़ित की ओर से 10 नवंबर को मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मुकदमे को लेकर शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके से करीब दो दर्जन महिला-पुरुषों को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page