
सादाबाद 13 नवंबर। शुक्रवार को बिसावर स्थित पंचायत घर ग्राम सचिवालय भवन पर ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
चौपाल में ग्रामीणों की ओर से चार शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, परिक्रमा मार्ग की समस्या, पेंशन और गांव में साफ-सफाई से संबंधित शिकायतें रखीं। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिकायतों को सुनते हुए उनके समाधान की प्रक्रिया अपनाई। तीन शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायत के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। इस दौरान ग्रामीणों को भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई। ग्राम चौपाल में ग्राम पंचायत अधिकारी अजय कुमार, ग्राम पंचायत बिसावर प्रशासक कार्यालय प्रभारी पवन चौधरी, सीएचओ अंजली चौधरी, पंचायत सहायक निशा चौधरी सहित क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद रहे।









