Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस/सिकंदराराऊ 09 नवंबर। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर शनिवार सुबह जमकर मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। बैनामाशुदा जमीन पर पलेवा कर रहे तीन सगे भाइयों पर गांव के ही करीब 20 लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, तमंचे और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में एक भाई के सिर में कुल्हाड़ी लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की और खेत में खड़े मैसी ट्रैक्टर को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव नावली लालपुर निवासी देवव्रत यादव अपने भाई शिवेंद्र और प्रद्युम्न कुमार के साथ अपनी बैनामाशुदा जमीन पर पलेवा कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव रामपुर नगला चटोल निवासी अजयपाल सिंह, रघुवर सिंह, ज्ञान सिंह, महावीर, किताब सिंह, विकास कुमार, गुलशन यादव, पंकज यादव, कालू यादव, मीनपाल उर्फ मीना यादव, नीरज यादव, जीवेश यादव और सोनू यादव सहित करीब 20 लोग एकराय होकर खेत पर पहुंच गए। उनके हाथों में लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, तमंचे, पोनियां और फावड़े सहित अन्य हथियार थे। शिकायत के मुताबिक, खेत पर पहुंचते ही आरोपियों ने तीनों भाइयों को गाली-गलौज करते हुए पलेवा करने पर धमकाया। आरोप है कि इसी दौरान रघुवर सिंह और अजयपाल सिंह ने अपने साथियों से कहा कि गोली मार दो, कोई भी जिंदा बचकर नहीं जाना चाहिए। इसके बाद ज्ञान सिंह ने कुल्हाड़ी से प्रद्युम्न कुमार के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने तीनों भाइयों को घेरकर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह तीनों भाई अपनी जान बचाकर खेत से भागे। इस दौरान हमलावरों ने खेत में खड़े देवव्रत यादव के मैसी ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया गया है कि घटना के समय सड़क से गुजर रहे जुगेंद्र, भूपेंद्र कुमार सहित कई राहगीरों ने पूरी घटना देखी। पीड़ित पक्ष ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस और चौकी इंचार्ज अगसौली को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर आरोपी भविष्य में देख लेने और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page