
हाथरस 09 नवंबर। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला खुशाली में ट्रैक्टर की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने परिवार के तीन सदस्यों के साथ लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना में दिव्यांग युवती के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उसके भाई का हाथ टूट गया। गांव नगला खुशाली निवासी महेंद्रपाल के अनुसार, सोमवार सुबह वह अपने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर में डीजल डाल रहा था। इसी दौरान सामने से ट्रैक्टर लेकर आ रहे शिवम ने उसके खड़े ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। महेंद्रपाल ने इसका विरोध करते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही से उसकी जान भी जा सकती थी।
आरोप है कि इसी बात को लेकर शिवम के परिजन उमेश, आशीष, भूपेश, प्रशांत, प्रदीप, अविनेश कुमार और कार्तिक मौके पर पहुंच गए और विवाद करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि उक्त लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। पिता को पिटता देख उनकी दिव्यांग बेटी शिखा और बेटा अनमोल बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। आरोप है कि शिखा के सिर पर लाठी और लोहे की रॉड से प्रहार किया गया, जिससे वह घायल हो गई, जबकि अनमोल का हाथ टूट गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









