सिकन्दराराऊ 03 नवंबर। कस्बे के मोहल्ला रोशनगंज में नामी कंपनियों के नाम पर कथित नकली इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचे जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने स्पीच सर्च एंड सिक्योरिटी नेटवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड के जांच अधिकारी शिवम गुप्ता और कानूनी सलाहकार प्रभात गुप्ता के साथ एक बिजली की दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से उषा, प्रेस्टिज और एलजी कंपनियों के नाम से बेचे जा रहे कथित नकली उत्पाद बरामद किए गए। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला रोशनगंज निवासी पुलकित माहेश्वरी की बिजली के सामान की दुकान पर नकली ब्रांडेड सामान बेचे जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद जांच अधिकारी और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान उषा कंपनी के नाम से इलेक्ट्रिक केटल तथा प्रेस्टिज और एलजी कंपनी के नाम से कूकर बरामद किए गए। आरोप है कि इन उत्पादों पर संबंधित कंपनियों के स्टीकर लगाकर उन्हें असली ब्रांड का बताकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था।
पुलिस कार्रवाई के दौरान बरामद सामान को जांच अधिकारियों ने अपनी सुपुर्दगी में लेकर कोतवाली पहुंचाया। मामले में दुकानदार के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कथित नकली ब्रांडेड सामान की बिक्री करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।










