सिकन्दराराऊ 30 अक्टूबर। नगर पालिका के वाहनों से बैटरियां चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ताजा मामला कैनाल रोड स्थित बड़ी पानी की टंकी के पास का है, जहां अज्ञात चोर कमरे का ताला तोड़कर नगर पालिका की जेसीबी मशीन की बैटरी चोरी कर ले गए। लगातार हो रही घटनाओं से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
जानकारी के अनुसार कैनाल रोड स्थित बड़ी पानी की टंकी के समीप पहिया टूटने के कारण नगर पालिका की जेसीबी मशीन काफी दिनों से खड़ी हुई है। मशीन की बैटरी खोलकर कर्मचारी ने पास ही स्थित एक कमरे में सुरक्षित रख दी थी और कमरे पर ताला लगा दिया था। शुक्रवार दोपहर अज्ञात चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी जेसीबी की बैटरी चोरी कर ले गए।
बताया जाता है कि इससे पहले नगर पालिका क्रीड़ा स्थल के पीछे स्थित मार्केट से दो ई-रिक्शाओं की बैटरियां भी चोरी हो चुकी हैं। इन घटनाओं का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। अब जेसीबी की बैटरी चोरी होने से नगर पालिका के वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष हाजी मुहम्मद मुशीर कुरैशी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए बताया कि जेसीबी मशीन की बैटरी कमरे का ताला तोड़कर चोरी किए जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अधिशासी अधिकारी को अवगत करा दिया गया है।










