सादाबाद 30 अक्टूबर। आर्थिक तंगी के कारण किसी मेधावी विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न हो, इसी उद्देश्य से एकमतेज फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल कर रहा है। फाउंडेशन द्वारा संचालित सक्षमतेज छात्रवृत्ति कार्यक्रम के अंतर्गत सादाबाद इंटर कॉलेज के आठ मेधावी विद्यार्थियों की स्कूल फीस के भुगतान के लिए चेक प्रदान किया गया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कॉलेज पहुंचकर प्रधानाचार्य राजेश कुमार को चेक सौंपा।
फाउंडेशन की इस पहल से चयनित विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहयोग मिलेगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि धन के अभाव में उनकी प्रतिभा प्रभावित न हो। इस अवसर पर फाउंडेशन के ट्रस्टी धर्मवीर सिंह ने बताया कि संस्था शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। सक्षमतेज छात्रवृत्ति कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों के मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन कई बार आर्थिक परिस्थितियां उनके सपनों के आड़े आ जाती हैं। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का प्रयास है कि जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समय पर सहयोग मिले, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। शिक्षा के लिए दिया गया छोटा सहयोग भी किसी विद्यार्थी के भविष्य में बड़ा बदलाव ला सकता है। कार्यक्रम में एडवोकेट संजय यादव, अजरुद्दीन फौजी, कपिल गुप्ता, विष्णु गंधार, हेमंत कश्यप, राष्ट्रीय खिलाड़ी ओमवीर सिंह, भानु प्रताप और राहुल कश्यप मौजूद रहे। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।





