सादाबाद (सहपऊ) 29 अक्टूबर। क्षेत्र के गांव खेरिया स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, विधिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही एक नवंबर को हाथरस जिला न्यायालय परिसर स्थित श्री दाऊजी महाराज मेला पंडाल में आयोजित होने वाले मेगा लीगल सर्विस कैंप के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में पीएलवी पं. यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि मेगा लीगल सर्विस कैंप में विभिन्न सरकारी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे एक नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल सर्विस कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें और उपलब्ध विधिक सेवाओं का लाभ उठाएं। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा। इस दौरान ग्राम पंचायत प्रधान सर्वेश कुमार, पंचायत सहायक पंकज सिंह, तुन सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।










