
हाथरस 29 अक्टूबर। जनपद के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 1 नवंबर, रविवार को मेला श्री दाऊजी महाराज के पंडाल में विशेष आधार नामांकन एवं अपडेट शिविर आयोजित किया जाएगा। भारतीय डाक विभाग, अलीगढ़ मंडल की ओर से आयोजित यह शिविर सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसमें नागरिक नए आधार कार्ड के लिए नामांकन कराने के साथ ही पहले से बने आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन और अपडेट करा सकेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने बताया कि शिविर में आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और ई-मेल संबंधी विवरण में संशोधन एवं अपडेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही बायोमेट्रिक विवरण को भी अपडेट कराया जा सकेगा। उन्होंने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों को नया आधार कार्ड बनवाना है या अपने मौजूदा आधार कार्ड में किसी प्रकार का संशोधन कराना है, वे निर्धारित तिथि पर मेला श्री दाऊजी महाराज के पंडाल में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं।









