
हाथरस 29 अक्टूबर। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों तथा जिलाधिकारी हाथरस के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। क्षेत्रीय आबकारी टीम और प्रवर्तन टीम अलीगढ़ प्रभार ने संयुक्त रूप से सासनी गेट, तालाब चौराहा, सादाबाद गेट और बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित होटल, ढाबों और परचून की दुकानों की जांच की। चेकिंग के दौरान होटल और ढाबा संचालकों को अपने परिसर में मदिरापान न होने देने के सख्त निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आबकारी दुकानों की कैंटीन में साफ-सफाई बनाए रखने और अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्र न होने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक हाथरस सदर, आबकारी निरीक्षक सिकंदराराऊ और आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-3, अलीगढ़ सहित आबकारी विभाग का स्टाफ मौजूद रहा। विभाग द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रवर्तन अभियान के तहत निगरानी और जांच की जा रही है।









