
हाथरस 28 अक्टूबर। शहर के इगलास रोड स्थित वीएस क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे हाथरस जूनियर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन दो लीग मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में थंडर स्ट्राइकर्स ने गनिहार टाइटंस को 42 रनों से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में हाथरस पैंथर्स ने एलीट वॉरियर्स को 30 रनों से शिकस्त दी। दोनों मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। पहला मुकाबला थंडर स्ट्राइकर्स और गनिहार टाइटंस के बीच खेला गया। थंडर स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 97 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। कर्तव्य ने सर्वाधिक 17 रनों का योगदान दिया। गनिहार टाइटंस की ओर से सचिन और तनिष ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गनिहार टाइटंस की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और महज 55 रनों पर सिमट गई। थंडर स्ट्राइकर्स की ओर से मनु ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट, जबकि कर्तव्य ने तीन विकेट लिए। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मनु को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला हाथरस पैंथर्स और एलीट वॉरियर्स के बीच खेला गया। हाथरस पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और पूरी टीम 151 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से शाकिब ने 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अश्वनी ने मात्र 16 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। एलीट वॉरियर्स की ओर से आरव ने चार और नितिन ने तीन विकेट हासिल किए। 152 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलीट वॉरियर्स की टीम 121 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह हाथरस पैंथर्स ने मुकाबला 30 रनों से अपने नाम कर लिया। पैंथर्स की ओर से दिव्यांशु और अश्वनी ने दो-दो विकेट लिए। बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले अश्वनी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैचों में अंपायर की भूमिका सौरभ चंद्रा और हर्ष भारद्वाज ने निभाई, जबकि कमेंट्री सौरभ शर्मा ने की। इस दौरान विजय शर्मा, गोपाल पौनिया, संतोष सिंह, शेखर कश्यप, दिव्यांश दीक्षित, युग शर्मा और राहुल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









