सिकन्दराराऊ 27 अक्टूबर। पिछले कई दिनों से विद्यालय के कुछ शिक्षकों के खिलाफ फेक आईडी बनाकर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए जाने का मामला सामने आ रहा था। इसको लेकर शिक्षक काफी परेशान थे। मामले में अब कक्षा 12 के दो विद्यार्थियों को पकड़ा गया है। बताया गया है कि इनमें एक पुरदिलनगर और दूसरा गोपी का रहने वाला है। दोनों विद्यार्थियों को साइबर क्राइम पुलिस अपने साथ ले गई है। विद्यालय प्रबंधन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों विद्यार्थियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है और उन्हें विद्यालय से निष्कासित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर किसी व्यक्ति की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
विद्यालय की ओर से संदेश दिया गया है कि सोशल मीडिया पर फेक आईडी के पीछे छिपकर किसी के सम्मान से खिलवाड़ करना गंभीर मामला है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर की गई गतिविधियां भी जांच के दायरे में आती हैं। शिक्षकों के सम्मान और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जरूरी है।








