:
सादाबाद (सहपऊ) 22 अक्टूबर । प्रदेश की विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक वर्ग की सीटों के लिए शुक्रवार को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिले से आई पोलिंग पार्टी सहपऊ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहुंच गई। पोलिंग पार्टी ने केंद्र पर पहुंचते ही मतदान की तैयारियां शुरू कर दीं। मतदान केंद्र पर स्नातक एवं शिक्षक वर्ग की सीटों के लिए दो अलग-अलग पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा।
जानकारी के अनुसार, स्नातक सीट के लिए 521 मतदाता, जबकि शिक्षक वर्ग की सीट के लिए 64 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टी के साथ पुलिस बल भी मतदान केंद्र पर पहुंचा है। पोलिंग पार्टी के पहुंचने के बाद जिले के अधिकारियों ने भी मतदान केंद्र का दौरा कर शुक्रवार को होने वाले चुनाव की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।





