अलीगढ़ 22 अक्टूबर। मंगलायतन विश्वविद्यालय के कृषि संकाय की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी ‘नवांकुर’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं से माहौल उल्लासपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा, कुलसचिव कमांडर मनोज के. और डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य और सफल शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान नवागंतुक और वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य, एकल गायन, काव्य-पाठ और रैंप वॉक सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में आयोजित प्रतियोगिताओं के विभिन्न चरणों के बाद निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. दीपिका बांदिल और डॉ. रवि शेखर ने विजेताओं के नामों की घोषणा की। प्रतियोगिता में विवेक कुमार को मिस्टर फ्रेशर और जागृति सिंह को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, कृष्ण कुमार ने मिस्टर ईवनिंग और शाहीन ने मिस ईवनिंग का खिताब अपने नाम किया। विजेताओं को उनकी उपलब्धि के लिए सराहा गया। इस अवसर पर डॉ. प्रत्यक्ष पांडे, डॉ. पवन कुमार, डॉ. मयंक प्रताप, डॉ. श्वेता गुप्ता, डॉ. संजय कुमार और सुरजीत शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन सारा फातिमा और मोहम्मद इरशाद ने किया।





