सिकंदराराऊ : रावण दहन स्थल का एएसपी रमानंद कुशवाहा ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश
सिकंदराराऊ 19 अक्टूबर । दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए हाथरस पुलिस प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में एएसपी रमानंद कुशवाहा ने सिकंदराराऊ के मुख्य रावण दहन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सीओ अमित पाठक, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा और कस्बा इंचार्ज राम नरेश सिंह भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एएसपी ने मेले की तैयारियों, रावण के पुतलों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अग्निशमन व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन के रास्तों का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की और संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सीओ अमित पाठक ने कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा और कस्बा इंचार्ज राम नरेश सिंह के साथ सुरक्षा योजना की जानकारी भी दी।
एएसपी रमानंद कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि रावण दहन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना रहती है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मेला कमेटी को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीओ अमित पाठक के अनुसार, मेले में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति टीम भी विशेष रूप से सक्रिय रहेगी। वहीं, कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा और कस्बा इंचार्ज राम नरेश सिंह ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की मुस्तैदी सुनिश्चित करने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने आयोजन से जुड़े लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की, ताकि दशहरा पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।







