
हाथरस 17 अक्टूबर । थाना चंदपा क्षेत्र के गांव ककोड़ी में ट्रैक्टर वाली चक्की हटाने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर चक्की चला रहे युवक के साथ मारपीट करने और फावड़े से हमला कर घायल करने का आरोप लगा है। पीड़ित विष्णु कुमार निवासी झींगुरा ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पीड़ित विष्णु कुमार के अनुसार, 13 अक्टूबर को दोपहर वह गांव ककोड़ी में रामबाबू वाल्मीकि के दरवाजे के सामने ट्रैक्टर वाली चक्की से पिसाई कर रहा था। तभी गांव ककोड़ी के विशाल शर्मा और दुष्यंत, जिसे धर्मो का भांजा बताया गया है, चार पहिया वाहन से झींगुरा की तरफ से आए। दोनों ने चक्की हटाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विष्णु ने चक्की हटाने की बात कही, लेकिन आरोप है कि दोनों ने मां-बहन की गालियां देते हुए उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दुष्यंत ने बुग्गी में रखा फावड़ा मार दिया, जिससे विष्णु के सिर में चोट लग गई। शोर सुनकर ककोड़ी चौराहे पर मौजूद उसके पिता और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। भीड़ जुटती देख दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










