हाथरस 17 अक्टूबर । थाना चंदपा क्षेत्र के गांव चंदपा में स्कार्पियो सवार तीन लोगों पर शराब के नशे में घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित श्याम कृष्ण कौशल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पीड़ित के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह वह अपने परिवार के साथ घर पर बैठा था। तभी गांव के ही विनीत भारद्वाज उर्फ टूनी, उसका भाई मनोज भारद्वाज उर्फ मनुआ और रामू भारद्वाज स्कार्पियो से उसके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों शराब के नशे में थे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने श्याम कृष्ण कौशल के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनकी बेटी हृदेश और पत्नी राधा देवी बचाने पहुंचीं तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि मारपीट में उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो तीनों आरोपित स्कार्पियो लेकर मौके से भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









