Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अक्टूबर । भारत विकास परिषद की संस्कार शाखा द्वारा शहर के दून पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दून पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत, दोनों वर्गों में शानदार गायन प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय की टीम ने प्रतियोगिता के अगले चरण में अपनी जगह बनाई और राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचने का गौरव हासिल किया। कार्यक्रम का शुभारंभ समूहगान प्रभारी राकेश वार्ष्णेय ‘धागे वाले’, प्रांतीय संगठन सचिव मनोज अग्रवाल ‘राय वाले’, विद्यालय के प्रधानाचार्य जी.के अग्रवाल, जिला समन्वयक अनिल वार्ष्णेय तथा संस्कार शाखा के अध्यक्ष कमलेश जैन ने संयुक्त रूप से किया।

प्रतियोगिता में विद्यालय की संगीत अध्यापिका भावना शर्मा ने अपनी टीम के साथ विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए समूहगान की प्रस्तुति कराई। विद्यार्थियों ने अपनी सुरीली आवाज और सामूहिक तालमेल से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल में राकेश वार्ष्णेय ‘धागे वाले’ एवं अनिल वार्ष्णेय ‘तेल वाले’ शामिल रहे। इस अवसर पर प्रांतीय संगठन सचिव मनोज अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विजयी टीम प्रांत स्तर पर हाथरस जिले का प्रतिनिधित्व करेगी और आगे क्षेत्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। कार्यक्रम में प्रांतीय निर्देशक विजय कृष्ण गर्ग, संस्कार शाखा के अध्यक्ष कमलेश जैन, सह सचिव विशाल गुप्ता, मदन मोहन वार्ष्णेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय की इस उपलब्धि से विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page