
हाथरस 16 अक्टूबर । कोतवाली सासनी क्षेत्र में सासनी-नानऊ रोड पर नगला ताल के निकट शुक्रवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से 60 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, सासनी क्षेत्र के गांव भूतपुरा निवासी नत्थो देवी (60) पत्नी बनवारी लाल कहीं जा रही थीं। इसी दौरान सासनी-नानऊ रोड पर नगला ताल के निकट एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घायल वृद्धा को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।






