सिकन्दराराऊ 15 अक्टूबर । कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र में बुधवार शाम करीब सात बजे कासगंज रोड पर छोटी टिकरी गांव के पास एक तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल युवक को सरकारी एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने अलीगढ़ रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला बिजन गांव निवासी रोहित पुत्र राकेश, उम्र करीब 24 वर्ष, बुधवार शाम अपनी बजाज पल्सर बाइक से किसी कार्य से जा रहा था। जैसे ही वह कासगंज रोड पर छोटी टिकरी गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही मारुति स्विफ्ट कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और युवक भी सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटता चला गया।
हादसे में रोहित के हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। उसके पैर में कई जगह चोटें बताई जा रही हैं, जबकि हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी भी सामने आई है। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय तेजी से वाहन लेकर फरार हो गया। अचानक हुए हादसे को देखकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक कार चालक भाग चुका था। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं, पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। फरार कार चालक की पहचान और दुर्घटना के संबंध में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।









