
हाथरस 12 अक्टूबर। VDO की नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लोगों से 20-20 लाख रुपये सिक्योरिटी के रूप में लेकर ठगी करने के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी गजेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया है। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को ग्राम बरोस के पास सादाबाद मार्ग से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी आगरा जनपद के थाना कागरोल क्षेत्र के ग्राम रिठौरा का निवासी है। पुलिस के अनुसार, थाना सादाबाद क्षेत्र के नगला देवा निवासी धर्मेन्द्र सिंह ने 26 जुलाई 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2018 में उसने अपने चार साथियों के साथ VDO भर्ती का फॉर्म भरा था। इसी दौरान आरोपियों ने खुद को सचिवालय एवं उत्तर प्रदेश सहायक विकास अधिकारी से संबंधित पदाधिकारी और स्टेनो बताते हुए परीक्षा से पहले नौकरी लगवाने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से 20 लाख रुपये सिक्योरिटी के रूप में जमा कराए। परीक्षा का परिणाम आने के बाद जब रुपये वापस मांगे गए तो 5 जनवरी 2024 को धर्मेन्द्र कुमार को एक नियुक्ति पत्र दिया गया। जांच कराने पर नियुक्ति पत्र फर्जी और कूटरचित पाया गया। इसके बाद वादी की शिकायत पर थाना सादाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी मनोज कुमार को 31 मार्च 2026 तथा ज्वालाप्रसाद पुत्र सत्यप्रकाश को 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में शामिल गजेन्द्र कुमार की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की सात टीमें गठित की गई थीं। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना सादाबाद पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।










