हाथरस 12 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज रिजर्व पुलिस लाइन स्थित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 के चयनित अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन एवं चिकित्सा परीक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला होमगार्ड कमांडेंट अनुराग सिंह सहित परीक्षण के लिए गठित टीम और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभ्यर्थियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनकी सुविधा के लिए बनाए गए काउंटरों एवं टेबलों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। जनपद में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए चरित्र सत्यापन एवं चिकित्सा परीक्षण 12 से 17 अक्टूबर तक तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 21 से 22 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित जिला नियंत्रण कक्ष (डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा एवं सूचना प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त होने वाली प्रत्येक छोटी-बड़ी सूचना तत्काल दर्ज की जाए और संबंधित अधिकारी को अविलंब अवगत कराया जाए। साथ ही यूपी-112 सहित अन्य आपातकालीन कॉल पर पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम को बेहतर बनाने पर जोर दिया। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जनशिकायतों और आपातकालीन सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस बल को तत्काल मौके पर रवाना करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर एवं सूचना पंजिकाओं का अवलोकन कर अभिलेखों को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसामान्य की शिकायतों और आपातकालीन सूचनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई के जरिए पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।











