
हाथरस 12 अक्टूबर। नवरात्र के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की राज्य सचल टीम ने रविवार को हाथरस जिले में कई बड़े कारखानों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान घी, मिल्क पाउडर और कुट्टू से संबंधित खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने लेकर सील किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। टीम ने सलेमपुर से देसी घी, गाय का घी, ऑर्गेनिक घी, स्किम्ड मिल्क पाउडर और होल मिल्क पाउडर के नमूने लिए। इसके बाद सासनी के अजरोई रोड से देसी घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर का नमूना लिया गया। किला स्टेशन रोड पर गोपाल दास कल्याण दास के प्रतिष्ठान, गांव टुकसान स्थित मैसर्स ध्रुव प्रोडक्ट्स और सादाबाद गेट स्थित गोविंदराम भगतराम के यहां से भी घी के नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा जिला स्तरीय टीम ने हतीसा-भगवंतपुर स्थित श्याम इंडस्ट्रीज से खड़ा कुट्टू और कुट्टू की गिरी के नमूने लिए। अजरोई, सासनी स्थित कैला मैया प्राइवेट लिमिटेड से कुट्टू की गिरी तथा ब्राह्मणपुरी, सासनी में चेतन बाबू के गोदाम से कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 15 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










