Hamara Hathras

Latest News

हाथरस/सादाबाद 12 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कस्बा सादाबाद में जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सादाबाद योगेन्द्र कृष्ण नारायण और नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ श्रीमती रामश्री कन्या इंटर कॉलेज, सादाबाद की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पैदल मार्च के माध्यम से नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। बैनर, पोस्टर और पंपलेट के जरिए महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, साइबर अपराध और ऑनलाइन उत्पीड़न से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही कैरियर काउंसलिंग के माध्यम से छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस सहायता नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। हाथरस पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page