
हाथरस 10 अक्टूबर। इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी दिवाकर के वित्तीय अधिकार बहाल किए जाने की खुशी में व्यापारियों ने वसुंधरा स्थित उनके आवास पर पहुंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान व्यापारियों ने उन्हें मालाएं और पटका पहनाकर, मिष्ठान खिलाकर, प्रतीक चिह्न भेंट कर तथा पुष्प वर्षा करके सम्मानित किया और हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, फैम लोकसभा प्रभारी पंडित सत्य प्रकाश शर्मा, सर्राफ रंगीला गुरुजी, राजकुमार वर्मा कोठीवाल, ऋषि कुमार वार्ष्णेय सर्राफ, योगेश कुमार वार्ष्णेय सहपऊ वाले, हेमंत कुमार वार्ष्णेय और देवेंद्र चौहान सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष से शहर के चहुंमुखी विकास को और गति देने तथा सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। स्वागत से अभिभूत श्वेता चौधरी दिवाकर ने व्यापारी प्रतिनिधियों का पटका पहनाकर और मिष्ठान खिलाकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का प्यार, सहयोग और विश्वास उन्हें जनहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शहर के विकास, कायाकल्प और सुंदरता बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर व्यापारी प्रतिनिधियों ने पूर्व सांसद श्री राजेश दिवाकर के प्रति भी आभार व्यक्त किया।










