
सासनी 08 अक्टूबर। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे 93 पर गुरुवार सुबह एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद पत्नी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, रज़ाक अपनी पत्नी रिजवाना के साथ ऑटो में सवार होकर आगरा से अपने घर अलीगढ़ लौट रहे थे। गुरुवार सुबह करीब सात बजे सासनी क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे 93 पर पहुंचते ही ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रज़ाक और उनकी पत्नी रिजवाना घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को ऑटो से निकालकर सासनी सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। रिजवाना की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।








