Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यदिवस में अपने कार्यालय में स्वयं जनसुनवाई करें और यथासंभव शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों पर केवल आदेश पारित करने की औपचारिकता न की जाए, बल्कि शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच कर समस्या के स्थायी समाधान की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी फरियादी की समस्या लंबे समय से लंबित है तो संबंधित अधिकारी दूरभाष के माध्यम से राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित कर उसका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।

भूमि संबंधी विवादों को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी आवश्यकतानुसार राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई करें। इसका उद्देश्य विवाद का स्थायी समाधान कराना और भविष्य में उसी मामले को लेकर दोबारा शिकायत की स्थिति उत्पन्न होने से रोकना है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा संज्ञान में लाई गई जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने सरकारी सीयूजी नंबर पर स्वयं उपलब्ध रहें और जनप्रतिनिधियों से दूरभाष के माध्यम से नियमित संपर्क बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से आमजन की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाया जा सकेगा और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

 

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page